तेज आंधी से कई जगह टूटे पेड़
जलालाबाद/नजीबाबाद। रफ्तार के साथ धूल भरी आंधी आने से जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। विद्युत आपूर्ति ठप होने से नगर सहित ग्रामीण अंचलों में अंधेरा छाया रहा। बिजली के अभाव में नलकूप ठप रहने से नागरिकों को पेयजल संकट से जूझना पड़ा। वहीं कई स्थानों पर तेज आंधी में पेड़ टूटकर गिर गए।
बृहस्पतिवार की देर शाम अचानक तेज रफ्तार के साथ धूल भरी आंधी होने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। धूल भरी आंधी के चलते लोगों ने स्वयं का घरों में कैद कर लिया वहीं बाजार में लोग सुरक्षित स्थान पर खड़े होकर आंधी रूकने की प्रतीक्षा करने लगे। तेज आंधी से कई स्थानों पर खड़े पेड़ टूट गए वहीं नगर व ग्रामीण क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। साहनपुर बिजलीघर, 132 केवी बिजलीघर, आदर्शनगर बिजलीघर से जुड़े नगर सहित गांव हर्सवाड़ा, पुरुषोत्तमपुर, साहनपुर, सुुुुभाषनगर, घासीपुरा, हुसैनपुर, बौरेकी, गाजीपुर, जलालाबाद, चौकीपुरी, धनसिनी आदि क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति पूरी रात ठप रही। विद्युत आपूर्ति ठप रहने से नगरपालिका द्वारा संलाचित पेयजल आपूर्ति बंद रही। जिससे सुबह लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ा।
आंधी में उखड़ा विद्युत पोल, आपूर्ति ठप
मंडावली/भागूवाला। तेज आंधी में अनिल कुमार के खेत पर रखा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर पोल सहित उखड़कर गिर गया। जिससे क्षेत्र विद्युत आपूर्ति पूरी रात ठप रही। दोपहर के बाद विद्युत व्यवस्था बहाल होने से लोगों को राहत मिली। उधर मंडावली के गांव मीरमपुर बेगा, कांठपुर, सैफाबाद, करौली, मोहनपुर, हसनपुर, कामगारपुर, जटपुरा बौंडा, नियामतपुर, सिकरौड़ा, राजपुर नवादा, कल्याणपुर, हकीमपुर, हरेवली, रामनगर आदि गांव की विद्युत आपूर्ति ठप रही।