गैरहाजिर रहने वाले शिक्षकों पर कसेगा शिकंजा
बिजनौर। स्कूल समय में सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने वाले शिक्षकों पर अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने ऐसे शिक्षकों पर नाराजगी जताई है। बीएसए को निर्देश देकर कार्रवाई करने को कहा है।
परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षक आए दिन स्कूल समय में सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों के चक्कर लगाते रहते हैं। बुधवार को भी तीन शिक्षिकाएं स्कूल समय में डीएम से मिलने पहुंच गईं। शिक्षिकाओं को कड़ी फटकार लगाई गई। बीएसए को स्कूलों से नदारद रहने वाले शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। बीएसए महेश चंद्र ने बताया कि जिले के परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षक यदि स्कूल समय में डीएम कार्यालय, मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय, बीएसए कार्यालय में बिना अनुमति के पाए गए तो उनके खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि शिक्षक अवकाश लेकर या सक्षम अधिकारी की अनुमति लेकर ही विद्यालय समय में किसी अधिकारी से मिल सकेंगे। आदेशों का अनुपालन नहीं करने पर शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को भी इसके लिए निर्देशित किया गया है। उन्होंने स्कूलों से नदारद रहने वाले शिक्षकों को भी चिह्नित करने के लिए कहा है।