धामपुर। भाकियू जिलाध्यक्ष दिगंबर सिंह ने सरकार से अविलंब बिजली की बढ़ी दरों को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की मांग की है। चेताया कि यदि सरकार ने उनकी मांग को नहीं माना तो 15 दिसंबर को प्रदेश आह्वान पर किसान बड़ी तादाद में तहसील मुख्यालयों पर सरकार के खिलाफ आंदोलन करेंगे।
बुधवार को जिलाध्यक्ष ने बताया कि भाकियू की बिजली की बढ़ी दरों को पूरी तरह से खत्म कराने को संकल्पबद्ध है। एक दिसंबर से भाकियू की ओर से लखनऊ में ऊर्जा भवन में तालाबंदी कर आंदोलन किया जा रहा है। पांच दिसंबर को प्रदेश भर में किसानों ने जिला मुख्यालयों पर आंदोलन कर वहां के जिला अधिकारियों को इस बाबत ज्ञापन सौंपे गए। पर सरकार ने अभी तक उनकी समस्या का निदान करना गवारा नहीं किया है। अब भाकियू की ओर से प्रदेश भर में 15दिसंबर को तहसील मुख्यालयों पर 10 बजे से सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा और वहां के उप जिलाअधिकारियों को ज्ञापन सोपें जाएंगे। सरकार का दायित्व बनता है कि वह ग्रामीणों और किसानों को सस्ती से सस्ती दरों पर अधिक से अधिक मौलिक सुविधाओं को उपलब्ध कराए। पर भाजपा की सरकार में ऐसा नहीं हो रहा है। अपने स्वार्थों को पूरा करने और सत्ता में बने रहने के उद्देश्य से मनमाने तौर पर किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।