क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी के खिलाफ डीलर लामबंद
बिजनौर।
चांदपुर तहसील के राशन डीलर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी के खिलाफ लामबंद हो गए हैं। डीलरों से अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए उन्होंने डीएम और एसपी को ज्ञापन देकर उनकी सेवा समाप्त करने की मांग की है। विक्रेताओं ने मांग पूरी नहीं होने पर सामूहिक इस्तीफे देने की चेतावनी दी है।
चांदपुर तहसील के उचित दर विक्रेता संदीप कुमार, रामबहादुर, कुलदीप कुमार, योगेंद्र सिंह, राकेश, रूप सिंह, कामेंद्र व भारतभूषण आदि का आरोप है कि क्षेत्रीय खाद अधिकारी विनोद कुमार चंदन उनसे अवैध वसूली करते हैं। उनका कहना है कि क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी ने तीन दिन के भीतर ही विक्रेताओं से चार लाख रुपये वसूले हैं। विक्रेताओं ने ज्ञापन में कहा कि इस मामले में जिला पूर्ति अधिकारी ने क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन कुछ नहीं किया गया। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी का स्थानांतरण धामपुर कर दिया गया है, साथ ही उनको नगीना का अतिरिक्त चार्ज भी दे दिया गया है। उनका कहना है कि बिना किसी कारण के पूर्ति निरीक्षक योगेश का भी उनके साथ स्थानांतरण कर दिया गया है। विक्रेताओं ने सोमवार को डीएम जगतराज से मिलकर पूर्ति निरीक्षक योगेश का स्थानांतरण रद्द करने तथा क्षेत्रिय खाद्य अधिकारी विनोद कुमार चंदन की सेवा समाप्त करने की मांग की है।