बिजनौर। मोहल्ला बुखारा निवासी मोहम्मद यूसुफ अंसारी ने चंदक पीएचसी पर तैनात लिपिक पिंकू सिंह एवं तत्कालीन सीएमओ राकेश मित्तल पर मानदेय भुगतान का फर्जी ब्योरा तैयार कराकर पोर्टल पर डलवाने का आरोप लगाया है। उसने मुख्यमंत्री के विशेष सचिव शुभ्रांत कुमार शुक्ल से इसकी शिकायत की है। बताया कि वह डॉट्स प्रोवाइडर है। उसका काफी समय से मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है। उसने तत्कालीन सीएमओ राकेश मित्तल से अपना मानदेय शीघ्र दिलाने की मांग की थी। आरोप है कि सीएमओ ने चंदक पीएचसी पर तैनात बाबू पिंकू सिंह से हमसाज होकर फर्जी रूप से उसका पेमेंट करने की बात कही। इसका ब्योरा सीएमओ ने पोर्टल पर डलवा दिया जबकि वास्तव में उसके खाते में भुगतान हुआ ही नहीं। इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से की गई तो मामला दर्ज करने के आदेश दिए गए। मगर, अभी कोई कार्रवाई नहीं की गई। सीएमओ शरद कुमार त्यागी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
जिला स्तरीय ट्रायल में 75 खिलाड़ियों का चयन
बिजनौर। यूपीसीए के अंडर-19 के जिला स्तरीय ट्रायल में 75 खिलाड़ियों का चयन किया गया। सभी चयनित खिलाड़ी दो फरवरी को दोपहर तीन बजे नेहरू स्टेडियम में जिला कोषाध्यक्ष नागेंद्र कुमार सारस्वत को रिपोर्ट करेंगे। नागेंद्र के अनुसार छह टीम को दो ग्रुप में विभाजित कर लीग मैच कराए जाएंगे। लीग मैचों के प्रदर्शन के आधार पर जिला स्तरीय टीम का चयन किया जाएगा। चयनकर्ता संजीव चौधरी, मानव सचदेवा, मयंक शर्मा रहेंगे।