नजीबाबाद। शेखूपुरा आलम क्षेत्र के किसानों ने चकबंदी अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रशासन से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
मंगलवार को अखिल भारतीय किसान मजदूर सभा के जिलाध्यक्ष शमशाद हुसैन के नेतृत्व में शेखूपुरा आलम क्षेत्र के कई किसान तहसील पहुंचे। उन्होंने एसडीएम उद्भव त्रिपाठी को शिकायती पत्र सौंपा। किसानों ने पत्र में बताया गया कि वे अलीपुर वीरभान के काश्तकार हैं। आरोप है कि चकबंदी अधिकारियों ने किसानों की भूमिधर व बैनामाशुदा जमीनों, जिन पर खेती की जा रही है, के रकबे निरस्त कर कागजात चकबंदी आयुक्त को भेज दिए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में छह जून को भी शिकायत की थी, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि अब भी अगर उन्हें चकबंदी अधिकारियों के उत्पीड़न से निजात नहीं दिलाई गई, तो वे परिजनों और खेतीहर पशुओं समेत धरने पर बैठने के लिए मजबूर होंगे। पीड़ित किसानों ने धारा-52 व गजट पर रोक लगाकर पीड़ित किसानों के रकबे दर्ज कराने, पैमाइश कर कब्जे दिलाने की मांग की। शिकायती पत्र सौंपने वालों में रामगोपाल, भान सिंह, शेर सिंह, नरेश कुमार, अनुज कुमार, सूरज, रामकरन, शौनाथ, सोमप्रकाश, झब्बा सिंह, मंशाराम, नरेश कुमार, धनवती, क्रांति देवी आदि शामिल रहे।
पशुओं के साथ किसानों ने धरने पर बैठने का लिया निर्णय
फोटो - 20एनजेडबी03आर