सांपों के जोड़े से कौतूहल
अमर उजाला ब्यूरो
कालागढ़ (बिजनौर)।
धरती में रहने वाले जीव इन दिनों बाहर निकलने लगे हैं। भिक्कावाला में तारा सिंह के खेत में सांपों के मिलन को देखने के लिए लोगों का तांता लगा रहा। उधर, खेतों में काम करने वालों में दहशत का माहौल है।
ग्राम भिक्कावाला में इंटर कॉलेज के निकट सरदार तारा सिंह के खेत में कई दिन से दो सांपों दिख रहे हैं। तारा सिंह के पुत्र हरप्रीत सिंह व अन्य किसानों निवेश चौधरी, रविंदर सिंह आदि का कहना है कि ये सांप कई दिन से एक-दूसरे के साथ लिपटे दिखाई दे रहे हैं। बृस्पतिवार सुबह दोनों ही आपस में कुंडली मारकर एक-दूसरे पर फन मारते रहे। इसी बीच राहगीरों व किसानों के आ जाने पर वे कुछ देर के लिए खेत के निकट खड़ी झाड़ियों में जा छिपे, पर कुछ ही मिनट के बाद वहां से निकलकर फिर क्रीड़ा में मशगूल हो गए। इन्हें देखने के लिए लोग भी जमा होने लगे हैं। इधर, सांपों की क्रीड़ा की सूचना के बाद भी वन विभाग की टीम अब तक मौके पर नहीं पहुंची है। इस संबंध में वन विभाग के रिटायर्ड अधिकारी नरेंद्र सिंह का कहना है कि इन दिनों सांपों का प्रजनन काल चल रहा है। संभव है कि इसीलिए सांप जमीन से बाहर आ गए हों।