धामपुर। मोहल्ला साहूवान निवासी मुनीश कुमार ने मुख्यमंत्री से की शिकायत में आरोप लगाया कि राजस्व निरीक्षक ने बाराही देवी मंदिर पर बगैर कब्जा हटाए ही शासन को अतिक्रमण हटाने की रिपोर्ट भेज दी। पीड़ित ने जांच कर राजस्व निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। आरोप है कि कानूनगो आरोपी कब्जेदारों से हमसाज है।
मुनीश कुमार ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर की शिकायत में आरोप लगाया था कि मंदिर की भूमि पर पर कुछ लोगों ने कब्जा कर अतिक्रमण कर रहा है। शासन ने डीएम को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। आरोप है कि डीएम के आदेश पर राजस्व निरीक्षक ने मौके की जांच किए बगैर ही शासन को भूमि कब्जामुक्त कराने की रिपोर्ट भेज दी। जबकि पीड़ित का आरोप है कि कानूनगो ने मौके पर पहुंचकर जांच करना तक गवारा नहीं समझा। बल्कि तहसील के अधिकारियों के साथ साथ शासन को भी गुमराह किया। आरोप है कि मंदिर की भूमि पर अतिक्रमण जस का तस बना है। आरोपी कानूनगो कब्जेदारों से हमसाज है। पीड़ित ने सीएम पोर्टल पर पुन: शिकायत कर भूमि कब्जा मुक्त कराने की गुहार लगाई है। उधर, राजस्व निरीक्षक रामखिलाड़ी शर्मा ने आरोपों को गलत बताया। उन्होंने बताया कि भूमि से कब्जे को हटा दिया गया है। मौके पर अब कोई कब्जा नहीं है।