बढ़ापुर/बिजनौर।
कुरैशी बिरादरी के लोगों ने गोकशी के मामले में नामजद लोगों को बेकसूर बताते हुए गांव में जुलूस निकाला। इसके बाद एसपी कार्यालय में प्रदर्शन किया और कलक्ट्रेट में धरना देकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन शराफत हुसैन की अगुवाई में निकले कुरैशी बिरादरी के जुलूस में महिला और पुरुषों ने पुलिस की कार्यप्रणाली के विरोध में जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी चार अगस्त को मोहल्ला कस्साबान के पांच लोगों के विरुद्ध दर्ज गोकशी के केस में नामजद किए गए आरोपियों को बेकसूर बताते हुए निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते रहे। साथ ही एक नामजद वसीम की पत्नी शबाना को इंसाफ दिलाने और थाने से दलाली प्रथा खत्म कराने की मांग कर रहे थे। इसके बाद सभी एसपी अतुल शर्मा और कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर एसडीएम सत्येंद्र सिंह को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा कि पुलिस गोहत्या के नाम पर बेकसूर लोगों को फंसा रही है। इस दौरान मोहम्मद राशिद, अब्दुल करीम, जरीना, रफीक कुरैशी, शकूरन, जाकिर, नफीस, दानिश, ताहिर, आबिद हुसैन और इस्लामुद्दीन आदि शामिल रहे।
आत्महत्या की
बढ़ापुर। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति ने गृह कलह से तंग आकर गले में फंदा डालकर फांसी लगा ली। परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना न देकर शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
रिपोर्ट खारिज कराने की मांग
छाछरीमोड़। गांव सिकंदरी में हुई बैठक में साकेंद्र और उनके समर्थकों के खिलाफ गंभीर धारा में रिपोर्ट दर्ज होने की निंदा की गई। वक्ताओं ने कहा कि अगर रिपोर्ट खारिज न हुुई तो आंदोलन किया जाएगा। अध्यक्ष अशोक चौधरी और संचालन सुनील कुमार ने किया। सुजीत कुमार, प्रवीण कुमार, नरदेव सिंह, गंभीर सिंह, धारा सिंह आदि मौजूद रहे।