लॉन टेनिस कोर्ट में साल भर से लटके हैं ताले
बिजनौर । नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में लाखों रुपये की लागत से बना लॉन टेनिस कोर्ट धूल फांक रहा है। कोर्ट में दो साल से किसी भी कोच की नियुक्ति नहीं की गई है। कोच की नियुक्ति नहीं होने से खिलाड़ी भी इस खेल की ओर आकर्षित नहीं हो रहे हैं। लॉन टेनिस कोर्ट का ताला खुले हुए भी सालभर से ज्यादा समय हो गया है।
टेनिस खेल भी अब देश में खासा लोकप्रिय होने लगा है। पहले जिले में चुनिंदा जगह पर ही टेनिस कोर्ट बना था। तत्कालीन डीएम भूपेंद्र एस चौधरी ने स्टेडियम में करीब 16 लाख की लागत से दो लॉन टेनिस कोर्ट का निर्माण कराया था। जिला खेलकूद प्रोत्साहन समिति के बजट से कोर्ट में कोच की तैनाती भी की गई थी। शुरूआत में काफी खिलाड़ियों ने टेनिस में दिलचस्पी दिखाते हुए अपने रजिस्ट्रेशन कराए थे, लेकिन बाद में कोच के छोड़ने के बाद शासन की ओर से किसी अन्य कोच को संविदा पर नियुक्त नहीं किया गया। कोच के न होने से युवा खिलाड़ियों के साथ-साथ टेनिस खेलने के शौकीन ने भी टेनिस खेलना छोड़ दिया। अब हाल ये है कि लाखों रुपये की लागत से बन इन टेनिस कोर्ट का दरवाजा खुले भी साल भर का समय हो गया है। यहां खेलने के लिए एक भी खिलाड़ी नहीं आ रहा है।
जिला उपक्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह के अनुसार टेनिस कोर्ट में कोच की नियुक्ति के लिए शासन से मांग की गई थी। अभी कोच की नियुक्ति नहीं हुई है। किसी खिलाड़ी के नहीं आने के कारण टेनिस कोर्ट बंद रहता है।