ईद की तैयारी पूरी, बाजारों में भीड़
बिजनौर।
ईद-उल-फितर के त्यौहार को लेकर मुस्लिमों में खुशी का माहौल है। ईद पर खरीदारी के लिए बाजारों में भारी भीड़ है। इस दौरान कपड़ों व मेवों की जमकर खरीदारी हुई। डेयरी पर दूध के लिए मारामारी मची रही। ब्यूटी पार्लर पर महिलाओं की खासी भीड़ दिखी।
ईद के मद्देनजर रविवार को बाजार सजे रहे। बाजार में दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। रेडीमेड गारमेंट की दुकानों पर खूब ग्राहक उमड़े। महिलाओं ने दुकान संचालकों से फिल्मी सूट की डिमांड की। उपभोक्ताओं की भीड़ के चलते बाजार में जाम लग गया। रोडवेज चौराहे पर भी हर बार की तरह ईद से एक दिन पहले बाजार लगा। यहां भी उपभोक्ताओं का जमावड़ा रहा। वहीं ईद का त्यौहार मनाने के लिए दूसरे जिलों व राज्यों में पढ़ने या नौकरी करने वाले युवा भी ईद मनाने के लिए घर आए हुए हैं।
दूध के लिए रही मारा-मारी
ईद-उल-फितर पर मीठी शीर बनाने का चलन है। इसमें दूध का प्रयोग होता है। बाजार में दूध के लिए काफी मारामारी मची रही। डिमांड के मुताबिक ग्राहकों को दूध कम पड़ा। दूध की डेयरी पर ग्राहकों की भारी भीड़ रही। इस दौरान कई जगह दूध के दाम बढ़ाकर भी वसूले गए।
सजने-संवरने का उत्साह
ईद-उल-फितर पर महिलाओं में भी सजने-संवरने का काफी उत्साह दिखा। ब्यूटी पार्लर पर मुस्लिम महिलाओं की काफी भीड़ रही। महिलाओं को अपनी बारी आने के लिए काफी देर इंतजार भी करना पड़ा।