चिकित्सक की अभद्रता पर आशाओं ने किया हंगामा
नजीबाबाद। आशाओं ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। आशाओं के उग्रता को देखते हुए चिकित्सक को जान बचाकर अस्पताल से भागना पड़ा। दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर एक-दूसरे पर अभद्रता का आरोप लगाया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नजीबाबाद के प्रभारी डॉ.रोहिताश सिंह ने रविवार को आशाओं को ट्रेेनिंग के लिए बुलाया था। ईद से एक दिन पूर्व चिकित्सक द्वारा आशाओं को बुलाने को लेकर आशाओं में रोष था। इसी बीच एक आशा द्वारा ट्रेनिंग दे रहे चिकित्सक डॉ.रोहिताश सिंह से प्रश्न पूछा। आशाओं का आरोप है कि चिकित्सक आशा पर बुरी तरह भड़क उठे तथा उससे अभद्रता की। आरोप है कि चिकित्सक ने धमकी दी यदि आशाओं ने कार्य के प्रति लापरवाही की या मरीजों का प्राइवेट उपचार कराया तो उन्हें जेेल जाना पड़ेगा। चिकित्सक की अभद्रता और धमकी से आशाएं भड़क उठीं। आशाओं ने नारेबाजी की। चिकित्सक पहले अपने कक्ष में जाकर बैठे। आशाओं का हंगामा और गुस्सा बढ़ते देखकर चिकित्सक को अस्पताल से भाग कर अपनी जान बचानी पड़ी। प्रदर्शनकारी आशाओं ने घंटों अस्पताल में हंगामा किया। दोनों पक्ष थाने पहुंचे। आशाओं ने चिकित्सक पर आए दिन अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए तहरीर पुलिस को सौंपी। आशाओं ने महिला चिकित्सा प्रभारी और स्टाफ पर भी आशाओं से अभद्रता का आरोप लगाया। थाने को तहरीर सौंपने वाली प्रदर्शनकारी आशाओं में मधु, अर्चना, मुमताज, अंजू, मंजू, सर्वेश, ऊषा देवी, पदमा गौतम, पवनी, जयवती, हेमलता, सीमा, राजरानी, शगुफ्ता, नीलम, पुष्पा सहित अनेक आशाएं उपस्थित रहीं। उधर, चिकित्सक रोहिताश सिंह ने कुछ आशाओं पर ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कार्य के प्रति उदासीन रहने वाली आशाओं ने भ्रामक आरोप लगाते हुए हंगामा कराया।