25 डाकघरों के प्रिंटर खराब, कार्य प्रभावित
बिजनौर। जिले के करीब 25 डाकघरों के प्रिंटर पिछले कई माह से खराब पड़े हैं। इससे एक ओर डाकघरों में आधार कार्ड नहीं बन पा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पास बुक प्रिंट नहीं हो पा रही हैं। इससे डाकघरों में घोटाले होने का अंदेशा बना रहता है। कई बार शिकायत के बाद भी अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। कर्मचारियों ने इसे लेकर आंदोलन की चेतावनी दी है।
जिले में कुल 303 डाकघर हैं। इनमें 45 विभागीय और 258 ग्रामीण क्षेत्रों के हैं। बिजनौर प्रधान और नजीबाबाद तथा धामपुर मुख्य डाकघर शामिल हैं। जिले के करीब 25 डाकघरों के प्रिंटर खराब पड़े हैं। इससे डाकघरों में आधार कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। वहीं अन्य कार्य भी इससे प्रभावित हो रहे हैं। अफसरों के अनुसार जिले में बिजनौर के प्रधान डाकघर, डिस्ट्रिक्ट बोर्ड डाकघर, नजीबाबाद, धामपुर के मुख्य डाकघर, कोतवाली देहात, नूरपुर, चांदपुर नगर और चांदपुर रेलवे स्टेशन, स्योहारा, नहटौर, झालू, अफजलगढ़, किरतपुर समेत कुल 19 डाकघर आधार कार्ड बनाने के लिए अधिकृत हैं, लेकिन इनमें से प्रधान डाकघर बिजनौर, कोतवाली देहात, चांदपुर रेलवे स्टेशन ही आधार कार्ड बना रहे हैं। इसके अलावा कोई भी डाकघर आधार कार्ड नहीं बना रहा है। पिछले कई माह से करीब 25 अन्य डाकघरों के प्रिंटर खराब पड़े हैं। इससे आधार कार्ड बनने में तो दिक्कत है ही साथ ही पास बुक प्रिंट न होने से घोटाले का भी खतरा बना रहता है। प्रिंटर ठीक कराने को लेकर कर्मचारी डाक अधीक्षक से मांग कर चुके हैं। डाक अधीक्षक मोहनलाल शर्मा ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। यदि वास्तव में प्रिंटर खराब है तो शीघ्र ही प्रिंटर ठीक करा दिए जाएंगे।