जिले में एक दिन में मिले 389 बुखार के मरीज
बिजनौर। स्वास्थ्य विभाग ने जिलेभर में बुखार के मरीजों की तलाश करने को अभियान छेड़ दिया है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की 1240 टीमों ने जिलेभर के अलग अलग क्षेत्रों में घर घर जाकर बुखार के मरीजों की तलाश की। शाम तक टीम को जिलेभर में करीब 389 बुखार के मरीज मिले। इसके अलावा छह मरीज ऐसे थे, जिन्हें बुखार के साथ सर्दी लग रही थी। वहीं इसके अलावा सर्दी, जुकाम के करीब 79 मरीजों को टीम ने चिह्नित किया। जहां मरीजों की जांच के लिए टीम ने सैंपल लिए, वहीं मरीजों को दवाइयां भी दी गई।
यूं तो हर साल ही इस सीजन में वायरल फीवर फैलता था, लेकिन इस बार फिरोजाबाद और आगरा में बुखार ने तांडव मचाया तो हर मरीज शरीर का तापमान बढ़ते ही घबरा रहा है। इस बार बुखार के बाद आने वाली कमजोरी लोगों को डरा रही है। हालांकि विशेषज्ञ इस कमजोरी के पीछे का कारण डिहाइड्रेशन को मान रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग इसे सीजनल वायरल बताते हुए सतर्कता ओर सावधानी बरतने की सलाह दे रहा है। जिले में वायरल बुखार के मरीजों की संख्या काफी ज्यादा है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग दावा कर रहा है, जिले में अभी तक डेंगू का मरीज नहीं मिला है। जिला मलेरिया अधिकारी ब्रजभूषण सिंह ने बताया कि जनवरी से अब तक कुल 96 हजार लोगों की जांच में 95 मरीजों में मलेरिया की पुष्टि हुई थी। उधर स्वास्थ्य विभाग ने जिलेभर में बुखार के मरीजों की जांच को अभियान छेड़ दिया है। घर-घर जाकर टीम जहां मरीजों को तलाश रही है, वहीं उनके इलाज भी मुहैया कराने का दावा किया जा रहा है।
वायरल से जुड़े पांच सवाल, सीएमओ विजय कुमार गोयल ने दिए जवाब
सवाल: वायरल में बुखार 102 और इससे भी ऊपर जा रहा है, इसका क्या कारण है।
जबाव: बुखार कितनी तेज है, यह हर व्यक्ति पर अलग तरह से दिख रहा है। वायरल हर साल होता था, किसी को तेज बुखार तो किसी को ज्यादा। इस बार लोग सतर्क हैं और बार-बार तापमान मापते रहते हैं।
सवाल: दो दिन के बुखार के बाद भी दस दिन से ज्यादा कमजोरी क्यों आ रही है।
जवाब: जब बुखार आता है तो उससे शरीर में डिहाइड्रेशन हो जाता है। साथ ही पैरासिटामॉल भी डिहाइड्रेशन करती है। यही कारण है कि शरीर में कमजोरी ज्यादा आती है। वहीं ऐसे भी हजारों मरीज है, जो कोरोना काल में एसिम्टोमैटिक संक्रमित हुए थे। यह भी कमजोरी का कारण हो सकता है। यदि तरल पदार्थ जैसे नारियल पानी आदि लिया जाए तो कमजोरी जल्दी ठीक हो सकती है।
सवाल: इसका उपचार क्या है
जबाव: वायरल का लक्षणों के आधार पर इलाज होता है। यदि बुखार है तो बुखार की दवाई या अन्य लक्षण है तो उसकी दवाई। योग्य चिकित्सक से उपचार कराएं और सलाह के अनुसार पूरा उपचार लें। तरल पदार्थ भरपूर मात्रा में लें और पूरा आराम करें।
सवाल: खून की जांच किस स्थिति में करानी चाहिए
जबाव: आज के समय में कोविड, मलेरिया, डेंगू तीनों का खतरा बना रहता है। यदि बुखार आए तो जिला अस्पताल में तीनों जांच उपलब्ध हैं, सभी को यह जांच करा लेनी चाहिए।