ड्रोन कैमरे से रखी बूूथों पर नजर
धामपुर। चुनाव आयोग के आदेश पर पुलिस प्रशासन ने बूथों पर ड्रोन कैमरे से नजर रखी। ड्रोन कैमरा आसमान में उड़कर बूथों की स्थिति का जायजा ले रहा था। ड्रोन कैमरे की मदद मिलने के बाद पुलिस प्रशासन को चुनाव में ज्यादा कसरत नहीं करनी पड़ी। ड्रोन कैमरे से वीडियो लेने के बाद स्थिति से चुनाव अधिकारी को अवगत कराया जा रहा था। चुनाव कराने में ड्रोन कैमरे का प्रयोग होने के बाद पुलिस प्रशासन बेपरवाह दिखाई दिया।
पोलिंग पार्टियों के खाने के लिए पहली बार मिला धन
धामपुर। अब तक के चुनाव में पोलिंग पार्टियों के खाने के लिए पहली बार कोतवाल को धनराशि उपलब्ध कराई गई। पुलिस सूत्रों का कहना है कि चुनाव से दो दिन पहले ही एसपी ने पोलिंग पार्टियों खाने की व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस अधिकारियों को सौंप दी थी। पोलिंग पार्टियों के लिए ताजे खाने की व्यवस्था के दिशा निर्देश दिए गए थे। खाना बनवाने के लिए कोतवाल को धनराशि दी गई थी।
हर बूथ पर 100 से अधिक मतदाताओं के वोट गायब
धामपुर। मतदाताओं जय सिंह, अनिल कुमार, सर्वेश देवी आदि का आरोप है कि मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान उनके वोट काट दिए गए। जब वह वोट डालने पहुंचे तो उनके मतदाता सूची से वोट ही गायब थे। हर बूथ पर 100 से अधिक मतदाताओं के वोट गायब मिले। मतदाताओं का आरोप है कि प्रत्याशियों ने राजनीतिक षड्यंत्र के चलते उनके मतदाता सूची से वोट समाप्त कराए हैं। अधिकांश मतदाता ऐसे भी थे, जो दूर दराज से वोट डालने के लिए आए थे, लेकिन जब उन्हें मतदाता सूची में वोट नहीं मिले तो मायूस होकर लौटना पड़ा।