नजीबाबाद। आरआर मोरारका पब्लिक स्कूल द्वारिकेश नगर में आयोजित अंतरविद्यालय बास्केट बॉल टूर्नामेंट में एसजीआरआर कोटद्वार की टीम चैंपियन बनी।
आरआर मोरारका पब्लिक स्कूल में शनिवार को नर्बदा देवी मेमोरियल इंटरस्कूल बास्केट बॉल कंपीटीशन आयोजित हुआ। जिसका शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारिकेश चीनी मिल के उपाध्यक्ष (वर्क्स) बीपी दीक्षित ने दीप प्रज्ज्वलित कर और बॉल उछालकर किया। इससे पहले विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। अतिथि ने खिलाड़ियों से परिचय किया। टूर्नामेंट का फाइनल एसजीआरआर कोटद्वार एवं बिजनौर पब्लिक स्कूल बिजनौर के बीच खेला गया। फाइनल में कोटद्वार की टीम ने बिजनौर की टीम को 8-6 से पराजित किया। मैच रेफरी एके त्यागी की देखरेख में खेले गए फाइनल मैच में बिजनौर टीम की राशि मैन ऑफ द मैच बनी।
पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि द्वारिकेश शुगर इंडस्ट्रीज अफजलगढ़ के जीएम (एचआर) एसके शर्मा ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया। बीपी दीक्षित ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में शिक्षा और खेलों का समान महत्व है। अब खेल के क्षेत्र में भविष्य बनाने के लिए कई प्लेटफार्म हैं। स्कूल की प्रधानाचार्या सुचित्रा मालवीय ने अतिथियों केे आभार व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। सुनील जखवाल का सहयोग रहा।