बीडीसी सदस्यों ने ब्लॉक प्रमुख में जताया अविश्वास
अमर उजाला ब्यूरो
बिजनौर।
ब्लॉक मोहम्मदपुर देवमल के बीडीसी सदस्यों ने ब्लॉक प्रमुख रेखा चौधरी पर विकास कार्यों में रुचि न लेने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया है। इस संबंध में सदस्यों ने डीएम जगतराज को ज्ञापन दिया है।
रेखा चौधरी सपा के टिकट पर ब्लॉक प्रमुख बनी थीं। हालांकि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही उन्होंने परिस्थिति देखते हुए सपा से इस्तीफा दे दिया था। उन्हें अपने खिलाफ बगावत होने का पहले ही अहसास हो गया था। वे किसी तरह बीडीसी सदस्यों को अपने पाले में बनाए रखने में लगी थीं, लेकिन कामयाब नहीं हो पाईं। सोमवार को उनके खिलाफ डीएम को दिए ज्ञापन में बीडीसी सदस्यों ने कहा कि ब्लॉक प्रमुख रेखा चौधरी ने अभी तक विकास कार्यों में कोई रुचि नहीं ली है। बीडीसी सदस्यों के साथ कोई बैठक भी नहीं की है। बीडीसी सदस्यों को लगातार अनसुना किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 133 में से 91 बीडीसी सदस्य ब्लॉक प्रमुख रेखा चौधरी से असंतुष्ट हैं। इस दौरान ऋचा राणा, लोकेंद्र सिंह, गंगाराम, आनंद, सुरेश, चरण सिंह, पुष्पा देवी आदि मौजूद रहे।