स्वास्थ्य विभाग में मई-जून में हुए तबादले होंगे रद्द
अमर उजाला ब्यूरो
बिजनौर।
महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं पद्माकर सिंह ने स्थानांतरण नीति 2017 जारी होने तक चिकित्साधिकारी, पैरामेडिकल स्टाफ, उपचारिका संवर्ग के तबादले पर रोक लगा दी है। इसके लिए उन्होंने प्रदेश के लिए सीएमओ को पत्र जारी किया है। महानिदेशक ने कहा है कि मई व जून में किए गए स्थानांतरण को स्थगित किया जाए।
महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं ने 15 जून 2017 को पत्र जारी कर कहा है कि विभागीय स्थानांतरण नीति 2017 के जारी होने से पहले ही बिना महानिदेशालय के संज्ञान में लाए चिकित्साधिकारियों, पैरामेडिकल स्टाफ व उपचारिका संवर्ग के तबादले किए जा रहे हैं, जो आपत्तिजनक है। किसी स्थिति में तबादला करना आवश्यक है तो महानिदेशालय से उसका पूर्व अनुमोदन प्राप्त किया जाना आवश्यक था। इस बारे में समय-समय पर निर्देश जारी किए जाने पर भी इनका अनुपालन नहीं किया जा रहा है। पत्र में कहा गया है कि मई एवं जून माह में जो स्थानांतरण किए गए हैं, उन्हें तत्काल स्थगित किया जाए। विभागीय स्थानांतरण नीति 2017 के आदेश जारी होने के बाद ही जनपद में स्थानांतरण किए जाएं।