बिजनौर में बाजार में पॉलिथीन जब्त करते कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में पॉलिथीन पर रोक के पहले दिन अनेक विभागों की टीम सड़कों पर उतरी। दुकानों पर छापेमारी अभियान चलाकर पॉलिथीन जब्त की गई। दुकानदारों और उपभोक्ताओं से पॉलिथीन का प्रयोग न करने का आह्वान किया गया। दुकानों में दोबारा पॉलिथीन मिलने पर अर्थदंड लगाने की चेतावनी दी गई।
रविवार को डीएम ने अनेक विभागों की बैठक लेकर पॉलिथीन पर बैन को सफल बनाने को कहा। इसके बाद नगर पालिका, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, राजस्व विभाग की टीम ने बाजार में दुकानों पर छापेमारी अभियान चलाया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एके त्रिपाठी ने मशीन से 50 माइक्रोन तक की पॉलिथीन की चेकिंग की। इन्हें तुरंत जब्त कर लिया। तहसीलदार धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि पॉलिथीन का प्रयोग मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए हानिकारक है।
पॉलिथीन का प्रयोग सभी को बंद करना होगा। दुकानदारों, ग्राहकों से पॉलिथीन के बजाए कपड़े और कागज के थैले प्रयोग करने का आह्वान किया गया। दुकानदारों से किसी भी तरह की पॉलिथीन, थर्माकोल नहीं रखने और प्रयोग न करने के लिए कहा गया। अभियान में करीब 25 किलोग्राम पॉलिथीन जब्त की गई। नगर पालिका के प्रभारी सफाई निरीक्षक अजय गौतम ने बताया कि पॉलिथीन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। जनता, दुकानदार इसमें सहयोग दें। उध, पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के युवा जिलाध्यक्ष विनीत शर्मा ने कहा कि व्यापारी वर्ग पॉलिथीन पर बैन लगाने में सरकार के साथ है। पॉलिथीन हमें कई घातक बीमारी दे रही है। विनीत शर्मा ने कहा कि व्यापारी वर्ग दुकानों पर उपभोक्ताओं को कपड़े के थैलों में सामान दिया करेगा।
गांवों में भी चलेगा अभियान, टीमें गठित
धामपुर में एसडीएम आलोक यादव ने कहा कि शहरों के बाद गांवों में भी पॉलिथीन की थैलियों पर पाबंदी लगाने को अभियान चलेगा। सरकार के आदेश पर किसी भी हालत में पॉलिथीन का प्रयोग नहीं होने दिया जाएगा। जो व्यापारी या ग्राहक पॉलिथीन का प्रयोग करता पाया गाया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पहले चरण में तहसील क्षेत्र की सभी नगरपालिकाओं और नगर पंचायतों में पॉलिथीन की थैलियों की पाबंदी पर अभियान शुरू कर दिया है। रविवार को कई स्थानों पर छापेमारी कर व्यापारियों को हिदायत दी गई कि वे किसी भी हालत में पॉलिथीन की थैलियों का प्रयोग न करें। पॉलिथीन की थैलियों के स्थान पर कपडे़ के थैले बनवाएं और ग्राहकों को उसी में ही सामान दें।एसडीएम ने बताया कि प्रदेश सरकार ने 15 जुलाई से पॉलिथीन की थैलियों पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी है। पॉलिथीन पर पाबंदी होने रविवार को नगर के मुख्य बाजार और बड़ी मंडी में बड़ा असर दिखाई दिया। व्यापारियों ने जिद करने के बाद भी ग्राहकों को पॉलिथीन की थैलियां नहीं दी। हालांकि कई ग्राहकों की व्यापारियों से इस मामले को लेकर नोंक झोंक भी हुई।