ढबारसी। आदमपुर थानाक्षेत्र के ढबारसी कस्बे में मानसिक रूप से बीमार युवक ने 100 डायल पर लूट की सूचना देकर हड़कंप मचा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से तीन युवकों को हिरासत में ले लिया। लेकिन छानबीन में सूचना झूठी निकली। परिजनों ने सूचना देने वाले युवक को मानसिक रोगी बताया।
ढबारसी निवासी जानेआलम ने शुक्रवार सुबह 100 डायल पर सूचना दी कि पेट्रोल पंप के पास गांव के ही तीन युवकों ने उसकी पिटाई करके बाइक लूट ली है। लूट की सूचना मिलने पर थाना पुलिस और 100 डायल पुलिस में हड़कंप मच गया। आरोपी तीनों युवको कों पुलिस ने हिरासत में ले लिया। आरोपी युवक स्वयं को निर्दोष बता कर पुलिस से छोड़ने की गुहार लगाने लगे। बाद में जानेआलम के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस को बताया कि जाने आलम के पास बाइक तो छोड़ो साइकिल भी नहीं है। परिजनों ने शाहदरा मेंटल चिकित्सालय के उपचार के पर्चे भी दिखाए। तब जाकर पुलिस ने तीनों युवकों को बिना कार्रवाई के छोड़ दिया।