एचटी लाइन का तार टूटा, मकानों में उतरा करंट
अफजलगढ़। गांव आलमपुर गांवड़ी गांव की मुस्लिम बस्ती के ऊपर से होकर गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर छतों पर गिर गया। जिससे कई घरों में करंट उतर आया। लोगों ने घरों से बाहर भागकर अपनी जान बचाई। एक मकान के लिंटर में दरार आ गई। तेज धमाके के साथ हुए फाल्ट के कारण ग्रामीणों के विद्युत उपकरण फुंक गए। उन्होंने विद्युत निगम से नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है।
गांव के जावेद अहमद पुत्र हनीफ ने बताया कि शुक्रवार रात करीब आठ बजे उसकी पत्नी नसीमा, भाई जुबेर की पत्नी हुमा, छोटे भाई नदीम की पत्नी सन्नो चार बच्चों के साथ घर पर काम कर रही थी। इसी दौरान तेज आवाज के साथ फाल्ट हुआ और बिजली आपूर्ति ठप हो गई। हाईटेंशन बिजली का तार टूटकर छत पर आ गिरा। जिससे लिंटर में दरार आ गई। वहीं, घर में लगी बिजली की वायरिंग में आग लग गई। घर में लगे इनवर्टर, बैटरा, रेफ्रिजरेटर, छत में लगे सीलिंग फैन, बल्ब, बिजली मीटर और अन्य घरेलू उपकरण फुंक गए। घर से जली वायरिंग का धुआं उठता देख पड़ोसी सुलेमान ने घर में खेल रहे बच्चों को बाहर निकाला। अन्य लोगों ने भी घरों से बाहर भागकर अपनी जान बचाई। पीड़ित जावेद का कहना है कि उनका करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों की सूचना पर निगम के अधिकारियों ने बिजली आपूर्ति बंद कर दी। हादसे में अहसान का पंखा, कूलर और इंतजार का एक पंखा व अन्य परिवारों के भी विद्युत उपकरण फुंक गए।
ग्रामीणों ने टीम के सामने हंगामा किया
ग्रामीणों ने गांव में उस समय हंगामा कर दिया, जब विद्युत निगम की टीम टूटे तार को ठीक करने को पहुंची। आरोप है कि निगम की लापरवाही से गांव में जन हानि हो सकती थी। विद्युत उपकरणों के फुंकने से ग्रामीणों को काफी नुकसान हुआ है। अहसान, सुलेमान, शाहिद, सराजुल, सलाउद्दीन, नफीस अहमद, बुंदू, समसीदा खातून, अनवरी, फूलजहां, अकीला, शबनम ने कहा कि वह कई बार निगम से जर्जर तारों को मकान की छत से हटवाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन उनकी सुनवाई अभी तक नहीं हुई। ग्रामीणों ने निगम के अधिकारियों से नुकसान की भरपाई की मांग की है।
समस्या का होगा निदान: आरके मौर्य
निगम के जेई आरके मौर्य ने कहा कि उनकी समस्या का निदान कराने का प्रयास होगा। स्टीमेट बनाकर निगम को भेजा गया है। कुछ समय के बाद उनकी समस्या नहीं रहेगी। जर्जर तारों को बदलवा दिया जाएगा।