बिजली दरों की वृद्धि का विरोध
बिजनौर। भारतीय किसान यूनियन बिजली दरों की वृद्धि के विरोध में उतर आया है। पांच दिसंबर को पूरे प्रदेश के जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। बिजली दरों में वृद्धि किए जाने पर किसानों ने कलक्ट्रेट में पशु बांधने का एलान किया है।
भाकियू ने शनिवार को गन्ना समिति कार्यालय में बैठक की। जिसमें पांच दिसंबर को होने वाले आंदोलन की रणनीति तैयार की गई। जिलाध्यक्ष दिगंबर सिंह के अनुसार सरकार किसानों को मारने पर अमादा है। किसानों को फसलों के उचित दाम नहीं दिए जा रहे हैं और बिजली दरों में बढ़ोत्तरी की जा रही है। फसलों के दाम नहीं मिल पाने, धान खरीद नहीं होने से किसान परेशान है। उन्होंने बताया कि वन विभाग के खिलाफ चल रहे आंदोलनों को भी धार दी जाएगी। राष्ट्रीय सलाहकार ओमपाल सिंह ने बताया कि अमानगढ़ वन रेंज, चांदपुर वन रेंज, राजगढ़, साहूवाल, नगीना आदि में चल रहे आंदोलन भी पांच दिसंबर से कलक्ट्रेट में ही होंगे। किसान अपने पशु भी कलक्ट्रेट में ही बांधेंगे। सभी ब्लाक अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं से पांच दिसंबर को होने वाले आंदोलन की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया गया है। इस दौरान जसवीर सिंह, मीडिया प्रभारी संदीप त्यागी, अतुल कुमार, आमौतार सिंह, सुरेश राठी, दिनेश कुमार, धर्मवीर सिंह धनकड़, सुरपाल सिंह, जयपाल सिंह आदि मौजूद रहे।