बिजनौर। दिल्ली-पौड़ी हाईवे पर ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार दो वृद्ध घायल हो गए। राहगीरों ने उनको जिला अस्पताल भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने एक वृद्ध को मृत घोषित कर दिया। वृद्ध की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
थाना हल्दौर के गांव नवादा तुला निवासी अमन सिंह (75) शुक्रवार को बाइक से अपने साथी मक्खन सिंह (80) को लेकर मुजफ्फरनगर के भोपा शादी में गए थे। शाम के समय वह बाइक से ही लौट रहे थे। अमन सिंह के मुताबिक बिजनौर के करीब पहुंचने पर गड्ढों के कारण उन्होंने बाइक धीमी कर ली, तभी पीछे से एक ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी । इस दौरान वह कच्चे रास्ते पर गिर गया, जबकि उनका साथी मक्खन सड़क पर गिर गया। सड़क पर गिरने के कारण ट्रक का पहिया उसके ऊपर उतर गया और उसके सिर में भी चोट लग गई। राहगीरों ने 108 एंबुलेंस की मदद से उनको जिला अस्पताल भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मक्खन को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। चालक ट्रक समेत फरार हो गया।