किसानों को मेसेज से नहीं मिल रहीं पर्चियां
बिजनौर। किसानों को गन्ना पर्चियों के मोबाइल मेसेज नहीं मिल रहे हैं। प्रशासन मोबाइल पर भेजे गए मेसेज से क्रय केंद्रों पर गन्ना तुलवाने की व्यवस्था की जमीनी हकीकत जानने में जुट गया है। डीसीओ के अनुसार किसानों का फीडबैक लेने के लिए टीम लगा दी गई है।
जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह के अनुसार किसानों को क्रय केंद्रों पर गन्ना तुलवाने के लिए गन्ना समितियों द्वारा पर्चियां जारी होती हैं। शासन को किसानों को पर्चियां नहीं मिलने की शिकायत बड़े पैमाने पर मिल रही थी। साथ ही दोबारा पर्ची बनने की प्रक्रिया जटिल होने से किसान भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। शासन ने मोबाइल पर मेसेज भेजकर गन्ना तुलवाने की व्यवस्था लागू की है। कंप्यूटर से पर्ची छपते ही मेसेज किसान के मोबाइल पर पहुंच जाता है। जिला गन्ना अधिकारी के मुताबिक मेसेज व्यवस्था की जमीनी हकीकत का पता लगाया जा रहा है। विभाग की टीम इस काम में लगी है। उन्हें किसानों से मेसेज नहीं मिलने की शिकायत निरीक्षण के दौरान मिली है। शासन की मंशा है कि किसान मेसेज से ही शत प्रतिशत गन्ना तुलवाए। किसान को पर्चियों के खो जाने आदि के झंझट से निजात मिल जाए। किसानों की सुविधा के लिए सेंटरों पर शिकायती कक्ष खोले गए हैं। किसान सर्वे के समय घोषणा पत्र में भरे गए मोबाइल नंबर का मिलान कर सकते हैं। गड़बड़ी मिलने पर मोबाइल नंबर का मौके पर ही शुद्धीकरण करने के निर्देश हैं।