शिक्षक दिवस को काला दिवस के रूप में मनाएंगे शिक्षा प्रेरक
नहटौर। शिक्षा प्रेरकों पर लाठीचार्ज के विरोध में इस बार प्रेरक, शिक्षक दिवस को काला दिवस के रूप में मनाएंगे। काला दिवस कलक्ट्रेट में मनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में बिजनौर पहुंचने का आह्वान किया गया।
आदर्श लोक शिक्षा प्रेरक वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से गांव सदरूद्दीनगर में आयोजित बैठक में जिला अध्यक्ष अशोक सैनी ने कहा कि पिछले वर्ष शिक्षक दिवस पर लखनऊ में विधानसभा पर प्रदर्शन करने के दौरान शिक्षा प्रेरकों पर बर्बरता पूर्वक लाठीचार्ज की गई थी। इसी के विरोध में इस बार प्रेरक, शिक्षक दिवस को काला दिवस के रूप में मनाएंगे। प्रेरकों को अपने बकाया मानदेय और अपनी मांगों को पूरा कराने के लिए एकजुट होना पड़ेगा। प्रेरकों ने उपचुनाव में सरकार को अपनी ताकत का अहसास करा दिया है। उनकी मांगें पूरी नहीं हुई तो लोकसभा चुनाव में दोबारा से अपनी ताकत का अहसास कराऐंगे। उन्होंने पांच सितंबर को शिक्षक दिवस को काला दिवस के रूप में मनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में बिजनौर कलक्ट्रेट में पहुंचने का आह्वान किया। इस मौके पर संजीव चौधरी, प्रमोद कुमार, धर्म सिंह, गंगाराम, सुरेश कुमार, ललित कुमार, मुनेश कुमार, शांति सिंह, बबीता सिंह, सलोनी आदि ने भाग लिया।