धामपुर। आदर्श समायोजित शिक्षक एवं शिक्षामित्र वेलफेयर ऐसोसिएशन की बैठक का आयोजन हुआ। जिलाध्यक्ष सुुधीर चौहान ने बताया कि समायोजन बहाली की मांग को लेकर जिला, नगर और ब्लाक स्तर से लेकर बूथ स्तर पर भाजपा की गठित कमेटियों के पदाधिकारियों से संपर्क करने के लिए जनजागरण अभियान चालू कर दिया है। यह अभियान 15 जनवरी तक चलाया जाएगा।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि उच्च स्तर पर संगठन के प्रदेश पदाधिकारी भाजपा के सांसदों , केंद्रीय मंत्रियों से संपर्क करने का काम कर रहे है। बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक के सभी प्रकोष्ठों की पदाधिकारियों से समायोजित शिक्षकों और शिक्षामित्रों की ओर से संपर्क किया जाएगा। संपर्क में भाजपा पदाधिकारियों को केवल यही अवगत कराया जाएगा कि वह 18 सालों से प्रदेश के सभी प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को बनाने में योगदान करते आ रहे है। जब से भाजपा की सरकार प्रदेश व केंद्र में सत्ता में आई है। तब से वह परेशान हो रहे है। आज वह दोराहे पर खड़े है। सरकार की ओर से समायोजन बहाली के मामले में कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है। पवन चौहान का कहना है कि लोकसभा चुनाव आ गए है। भाजपा पदाधिकारी उनकी समस्या का स्थाई निदान कराने के लिए उनकी आवाज को प्रदेश और केंद्र की सरकार तक पहुंचाए। केशव त्यागी, जैनेंद्र कुमार, ओमकार, शरद त्यागी, उमेश कुमार, पुष्पेंद्र कुमार सिंह, प्रीति ठाकुर, मीनाक्षी, बबीता , रेखा, बीना रानी मौजूद रही। संचालन उदयवीर सिंह ने किया।