पत्थर भरकर लाए डंपर को साइड से लगवाकर उतरवा रहा था मुंशी
मंडावली(बिजनौर)। पत्थरों से भरा डंपर पलटने से स्टोन क्रेशन के मुंशी की डंपर के नीचे दबकर मौत हो गई। उसे जेसीबी की मदद से डंपर के नीचे से निकालकर नजीबाबाद के एक प्राइवेट नर्सिंगहोम में भर्ती कराया गया। मेरठ ले जाते समय रास्ते में मुंशी की मौत हो गई। क्रेशर मालिक की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।
मोटा महादेव भागूवाला बाईपास स्थित गांव नारायणपुर में गंगा स्टोन क्रेशर है। शनिवार रात क्रेशर में पत्थरों से भरा डंपर आया। क्रेशर में तैनात मुंशी मेरठ जनपद के ग्राम सिवई निवासी पवन कुमार (40) डंपर तौलने के पश्चात डंपर को साइड से लगवाकर उतरवाने लगा। इसी दौरान डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। गाड़ी के नीचे दबकर पवन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जेसीबी की मदद से बमुश्किल डंपर के नीचे से निकाला गया और नजीबाबाद के एक प्राइवेट चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार देने के बाद वहां से उसे गंभीर हालत में हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया, लेकिन मेरठ ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। क्रेशर मालिक तपराज सिंह के मुताबिक एक सप्ताह पूर्व ही पवन क्रेशर में मुंशी की नौकरी करने आया था। तपराज की ओर से पुलिस को तहरीर दे दी गई है।
थाली में परसा रह गया खाना
डंपर तौलने के बाद मुंशी पवन खाना खाने की तैयारी कर रहा था। थाली में खाना लगाकर वह डंपर को साइड से लगवाकर उतरवाने लगा, लेकिन होनी को तो कुछ और ही मंजूर था। वह हमेशा के लिए मौत की नींद सो गया।