बिजनौर। ग्राम्य विकास महा परिषद के आह्वान पर आजमगढ़ के एडीएम की बर्खास्तगी की मांग के नारे विकास भवन में सुबह से शाम तक गूंजते रहे। ग्राम्य विकास विभाग के कर्मचारियों ने कामकाज का बहिष्कार किया। आंदोलन में कई कर्मचारी संगठन कूद गए हैं। विकास भवन में कई संगठनों की बैठक में बीडीओ को पीटने के आरोपी एडीएम की बर्खास्तगी नहीं होने पर आरपार की लड़ाई का एलान किया गया है।
प्रादेशिक विकास सेवा संगठन के महामंत्री नौबहार सिंह के अनुसार आजमगढ़ के एडीएम लवकुश कुमार त्रिपाठी ने मौहम्मदपुर के बीडीओ को अपने कक्ष में बुलाकर पिटाई की है। आजमगढ़ के सीडीओ ने जांच में एडीएम को मारपीट का दोषी माना है। जांच के बाद भी एडीएम के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उल्टे आरोपी एडीएम, बीडीओ व कर्मचारियों को धमका रहे हैं।
बृहस्पतिचार को डीआरडीए, विकास विभाग, एनआरएलएम व मनरेगा के अधिकारी व कर्मचारी कार्य बहिष्कार पर रहे। जिले के 11 ब्लॉक में भी कोई काम नहीं हुआ। कर्मचारी ‘आरोपी एडीएम हटाओ, एडीएम को बर्खास्त करो’, की मांग के नारे लगाते हुए एक दफ्तर से दूसरे दफ्तर में घूमते रहे। आंदोलन में ग्राम्य विकास मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन, ग्राम विकास लेखा कर्मचारी संघ, तकनीकी सहायक संघ, वाहन चालक संघ समेत विकास विभाग के एक दर्जन कर्मचारी संगठनों ने आंदोलन में कंधे सं कंधा मिलाकर चलने का एलान कर दिया है। ग्राम विकास अधिकारी संघ के जिला अध्यक्ष महेषचंद शर्मा के अनुसार ऐसे संवेदनहीन अधिकारी को नौकरी में रहने का अधिकार नहीं है। ग्राम्य विकास मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष अभिषेक रोर के अनुसार ऐसे अहंकारी व कानून विरोधी अधिकरी को तुरंत बर्खास्त किया जाना जरूरी है। यदि शासन की नींद नही टूटी तो आंदोलन को पूरे प्रदेश में फैलाकर सभी विभागों का कामकाज ठप कर दिया जाएगा।
पहले भी कर चुके हैं बदसलूकी
बिजनौर। कर्मचारी नेता अभिषेक रोर के अनुसार बीडीओ के साथ मारपीट के आरोपी एडीएम लवकुश त्रिपाठी आदतन बदसलूकी करने के आदी हैं। आरोप है कि वे इससे पहले आरोपी एडीएम कॉलेज के एक प्रधनाचार्य को सरेआम थप्पड़ मार चुके हें। मामले में कोई कार्रवाई नही होने से एडीएम के हौसले बुलंद हैं। रोर ने आरोप लगाया कि आजमगढ़ के डीएम आरोपी एडीएम को बचानो में लगे हैं। घटना के कई दिन बाद भी आरोपी एडीएम के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज नही होने दी जा रही है।
कार्यबहिष्कार रहेगा जारी
बिजनौर। अभिषेक रोर के अनुसार विकास भवन के अधिकारियों व कर्मचारियों का छह अप्रैल को भी कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। कोई कार्रवाई नही होने पर सात अप्रैल से अधिकारी व कर्मचारी बेमियादी हड़ताल पर चले जाएंगे।
कोतवाली देहात : विकासखंड कोतवाली में कार्यरत वीडीओ समेत विकास विभाग के कर्मचारियों ने दो दिवसीय कलमबंद हड़ताल के प्रथम दिन ब्लॉक में विकास विभाग के कर्मचारियों ने कोई भी कार्य नहीं किया । हड़ताल कर्मचारियों ने कहा कि यदि शुक्रवार तक उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो शनिवार को विकास विभाग के कर्मचारी अनिश्चितकालीन हडताल शुरू कर देंगे ।उन्होंने अपनी मांग संबंधित एक ज्ञापन मुख्यमंत्री को भेजा।(
हड़ताल के दौरान वीडीओ राकेश कुमार के अलावा एडीओ अजमल, विकास विभाग से सतीश कुमार, प्रह्लाद कुमार, उमेश चंद्र, आदि कर्मचारी शामिल रहे।