देशी गाय का दूध होता है अमृत तुल्य: बीडीओ
कोतवाली देहात। क्षेत्र में गोवंश पालन को बढ़ावा देने के लिए तीन ग्राम पंचायतों में पशुशाला एवं चारागाह बनाने का निर्णय लिया गया। इसे लेकर उन्होंने संबंधित ग्राम पंचायतों और संबंधित विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक की गई।
मंगलवार को ब्लॉक कार्यालय परिसर में आयोजित बैठक में बीडीओ राकेश कुमार ने कहा कि ग्राम पंचायत कनकपुर, जमालपुर ढिकली, किशनपुर कुंडा में चारागाह की काफी जमीन खाली पड़ी हुई है। इसमें गौशालाएं बनाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि गौशाला में लावारिस गोवंश पालन पोषण किया जाएगा। बताया कि मनरेगा व ग्राम पंचायत निधि से बनाए चारागाह जाएंगे। जिससे गाय का दूध अधिक उत्पादित हो सके और क्षेत्र की जनता को कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियों से बचाया जा सके। बीडीओ ने बताया कि देशी गाय का दूध अमृत तुल्य होता है। इसमें कैंसरकारक बीमारियों से लड़ने की ताकत होती है। उन्होंने बताया गौशाला बनाने के लिए ब्लाक स्तरीय कमेटी का गठन किया जाएगा।
कमेटी में खंड विकास अधिकारी को अध्यक्ष, पशु चिकित्सा अधिकारी को उपाध्यक्ष, संबंधित ग्राम प्रधानों को पशुधन प्रसार अधिकारी बनाया जाएगा। साथ ही वन विभाग, सहायक विकास अधिकारी, राजस्व निरीक्षक, ग्राम पंचायत अधिकारी को सदस्य बनाया जाएगा। इस मौके पर बीडीओ के अलावा पशु चिकित्साधिकारी कोतवाली रविंद्र सिंह, राष्ट्रीय आजीविका मिशन की ब्लॉक मैनेजर रितु प्रजापति, एडीओ उमेश चंद्र, शेर सिंह, राजकुमार, अजय पाल सिंह, ग्राम प्रधान वीर सिंह, हरि सिंह, प्रधान पति सुरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।