बिजनौर। कैशलेस अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए सर्व यूपी ग्रामीण बैंक ने भी पहल शुरू कर दी है। बैंक जल्दी ही अपने उपभोक्ताओं को ई-बैंकिंग और मोबाइल बैंक की सुविधा देगा।
बैंकों का इस समय कैशलेस ट्रांजक्शन को बढ़ावा देने पर जोर है। उपभोक्ताओं को कैशलेस ट्रांजक्शन के प्रति जागरूक करने के लिए बैंकों द्वारा जगह-जगह पर शिविर लगाए जा रहे हैं। व्यापारियों को भी पोस मशीन के जरिये सामान बेचने को कहा जा रहा है। जिले में बैंक के करीब सात लाख उपभोक्ता हैं। मोबाइल और इंटरनेट बैंकिंग शुरू करने के बाद बैंक द्वारा इनके प्रयोग के लिए उपभोक्ताओं को जागरूक भी किया जाएगा। सर्व यूपी ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक शिवदास के अनुसार ई-बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग शुरू होने से उपभोक्ता नई तकनीक से जुड़ेंगे।