एसीएमओ, उनकी पत्नी और बेटी सहित 17 और संक्रमित
बिजनौर। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, उनकी पत्नी और बेटी सहित जिले के 17 और कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनके अलावा 600 लोगों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। नए मरीजों को मिलाकर जनपद में अब कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 414 हो गई है। इनमें से 292 लोगों ने कोरोना को हराया है, जबकि छह की मौत भी हुई है। वर्तमान में एक्टिव पॉजिटिव केस 116 हो गए हैं।
जिले में कोरोना की रफ्तार बढ़ती ही जा रही है। सीएमओ डॉ. विजय कुमार यादव के अनुसार जिले में रविवार को 17 कोरोना पॉजिटिव मामले प्रकाश में आए। इसके अलावा करीब 600 लोगों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव भी आईं। जिले में सबसे पहले स्योहारा थाने के सहसपुर नगर पंचायत के पास स्थित गांव मेवा नवादा का दूध बेचने वाला युवक कोरोना पॉजिटिव निकला था। सात अप्रैल को यह युवक दिल्ली स्थित मरकज में शामिल होकर लौटा था। तब से लेकर अब तक जनपद में कुल 414 कोरोना पॉजिटिव केस मिल चुके हैं। इनमें से अब तक 292 लोगों ने कोरोना को पछाड़ा है और छह लोगों की मौत भी हुई है। वर्तमान में एक्टिव पॉजिटिव केस 116 हो गए हैं। अब तक कुल 14, 724 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। इनमें से 414 पॉजिटिव और 13,753 लोगों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई हैं। वर्तमान में 557 जांच रिपोर्ट का अभी इंतजार है। अब तक कोरोना से छह लोगों की मौत हुई है।
सीएमओ ने बताया कि उनके कार्यालय के एक एसीएमओ, उनकी पत्नी, बेटी की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा कलक्ट्रेट के पीछे वाली कॉलोनी में मंदिर के सामने रहने वाला 28 वर्षीय युवक, धामपुर के मोहल्ला अफगानान निवासी 36 साल का युवक, नहटौर क्षेत्र के गांव भवानीपुर तरकौला की रहने वाली 60 साल की वृद्धा, चांदपुर के मोहल्ला साहूवान का 19 वर्षीय युवक, नूरपुर के गांव अरब बढ़ापुर निवासी 16 साल किशोर, किरतपुर थाने के गांव बूढ़पुर नैन सिंह का रहने वाला 33 वर्षीय युवक और नजीबाबाद क्षेत्र के गांव मूलचंदपुर निवासी 27 साल का युवक, गांव सैदपुर 22 वर्षीय युवक, नगर पंचायत साहनपुर का रहने वाला 22 साल का युवक, गांव काठपुर का 19 वर्षीय युवक, गांव भटौली निवासी 25 साल का युवक, गांव राहूखेड़ी का रहने वाला 32 वर्षीय युवक, गांव बरमपुर निवासी 22 साल का युवक और गांव पूरनपुर नरोत्तम का 25 वर्षीय युवक भी कोरोना पॉजिटिव निकला है।
दो दिन तक बंद रहेगा सीएमओ कार्यालय
बिजनौर। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी और उनकी पत्नी, बेटी के कोरोना संक्रमित निकलने पर मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय दो दिन तक बंद रहेगा। सीएमओ डॉ. विजय कुमार यादव ने बताया कि फिलहाल दो दिन तक ही कार्यालय बंद रहेगा। अग्रिम जो भी निर्देश होंगे अवगत करा दिया जाएगा।
गांव नूरपुर अरब को किया गया सील
बढ़ापुर। रविवार को आई कोरोना संक्रमित लोगों की रिपोर्ट में थाना क्षेत्र के ग्राम नूरपुर अरब निवासी एक किशोर का नाम भी शामिल है। यह 16 वर्षीय किशोर पुणे (महाराष्ट्र) में सब्जी की फेरी लगाता है और आठ जुलाई को अपने गांव आया था। किशोर के पुणे से आने वाले दिन ही नगीना सीएचसी पर सैंपल लेकर घर पर होम क्वारंटीन होने की हिदायत दी गई थी। रविवार को किशोर की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद ग्राम नूरपुर अरब को सील कर दिया गया है। युवक के परिजनों को भी क्वारंटीन रहने की सलाह दी गई है। जल्द ही उनके भी सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे।
धामपुर में मेन बाजार में हॉट स्पॉट बने क्षेत्र को सैनिटाइज करते दमकल कर्मी।- फोटो : DHAMPUR