अफजलगढ़ में कोरोना की जांच के लिए थर्मल स्क्रीनिंग करते स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : BIJNOR
घर घर जाकर किया लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण
अफजलगढ़/रेहड़/कासमपुरगढ़ी। नगर के मोहल्ला गौहरअली खां, चिरंजीलाल में एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने घर घर जाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। थर्मल स्क्रीनिंग का अभियान चलाया। नोडल प्रभारी रजनीश कुमार ने बताया कि कोरोना महामारी संक्रमण से बचाव के चलते टीमें गठित कर नगर व गांव में जाकर लोगो के स्वास्थ्य परीक्षण व थर्मल स्क्रीनिंग कर मरीजों की तलाश की जा रही है। शनिवार व रविवार को एएनएम संगीता कुमारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता निदेश कुमारी ने लोगों की घर-घर जाकर थर्मल स्क्रीनिंग की। नगरपालिका ईओ कौशल कुमार ने बताया कि गली मोहल्लों में पालिका की ओर से लोगों को संचारी रोगों से बचाव के लिए एनाउंसमेंट कर जागरूक किया जा रहा है। वहीं, गांव गोवर्धनपुर में दो भाइयों के कोरोना संक्रमित निकलने के बाद यहां कीटनाशक का छिड़काव कराया गया। ग्राम प्रधान बाला देवी ने बताया कि गांव में लगातार सफाई कराई जा रही है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रेहड़ व कासमपुरगढ़ी में भी घर घर जाकर ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें कोरोना से बचाव की जानकारी दी।