ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा का प्रयास
मंडावली/नजीबाबाद। राहतपुर खुर्द के ग्रामीणों ने ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर हंगामा किया। आरोप है गांव एक व्यक्ति ग्राम समाज की भूमि पर ईंट रखकर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध कब्जा हटवाने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
ग्राम पंचायत राहत खुर्द की नजीबाबाद-हरिद्वार नेशनल हाईवे किनारे बेशकीमती ग्राम समाज की भूमि है। काफी समय से जल निगम की टंकी से सटी ग्राम समाज की भूमि पर भू-माफियाओं की निगाह है। गांव के एक व्यक्ति द्वारा भूमि पर अवैध कब्जा करने नियत निर्माण करने के लिए ईंटें डाल दी। ग्राम समाज की भूमि पर ईंटों को देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने मरगूब आलम, ताजीर, शादाब, शाहनवाज, मुकर्रम, रिजवान, नौशाद, सद्दन ने मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जे के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध कब्जे की शिकायत करते ग्राम समाज की भूमि से अवैध कब्जा हटवाने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी ने इससे पूर्व लोकसभा चुनाव के दौरान ग्राम समाज की भूमि पर मिट्टी डालकर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया। शिकायत पर ग्राम प्रधान व हल्का लेखपाल इसरार ने जांच कर आरोपी को चेतावनी दी थी। ग्राम प्रधान मो. माजिद और लेखपाल इसरार अहमद का कहना है कि ग्राम समाज की भूमि पर ईंटें रखने का मामला गंभीर है। ग्राम समाज की भूमि पर किसी भी कीमत पर अवैैध कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने उच्चाधिकारियों से अवैध कब्जे की शिकायत की है।