बिजनौर नगीना में आईं 72-72 शिकायतें
बिजनौर। मुख्य विकास अधिकारी प्रवीण कुमार मिश्र ने कहा कि तहसील दिवस सहित जनसामान्य की सभी शिकायतों का निस्तारण किया जाए ताकि उन्हें राहत प्राप्त हो। उन्होंने सभी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा जो भी शिकायतें तहसील दिवस में प्राप्त होती है, उनके निस्तारण की गुणवत्ता की जांच शासन स्तर पर उच्चाधिकारियों के माध्यम से की जाती है। अत: कोई भी अधिकारी शिकायतों के निस्तारण के अहम कार्य को गंभीरता से लें और पूरे मानक और निर्धारित अवधि में जन सामान्य की शिकायतों का निराकरण करना सुनिश्चित करें। मुख्य विकास अधिकारी आज तहसील बिजनौर के सभागार में आयोजित तहसील दिवस की अध्यक्षता कर रहे थे। तहसील दिवस के मौके पर कुल 72 शिकायतें दर्ज की गईं। किसी भी शिकायत का मौके पर निराकरण नहीें किया जा सका है। तहसील दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी शरद त्यागी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
नगीना में भी 72 शिकायतें
नगीना। संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों की 72 शिकायतें पंजीकृत की गई। तीन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। एडीएम विनोद कुमार समस्त विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे सभी शिकायतें गुणवत्ता के आधार पर निर्धारित समय सीमा के भीतर कर आख्या प्रस्तुत करें। संपूर्ण समाधान दिवस एसडीएम गजेंद्र कुमार, तहसीलदार हामिद हुसैन, पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रवीण कुमार की मौजूदगी में शुरू हुआ।