रोजगार मेले में 300 युवाओं को दिए गए नियुक्ति पत्र
बिजनौर। राजकीय पालीटेक्निक मवाना खुर्द एवं बिजनौर के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित रोजगार मेले में 300 छात्रों को रोजगार देकर उन्हें नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इसमें करीब 500 छात्रों ने प्रतिभाग किया था।
राजकीय पालीटेक्निक बिजनौर में रोजगार मेले का शुभारंभ मवाना खुर्द के प्रधानाचार्य आकाश वाजपेयी ने किया। प्लेसमेंट अधिकारी जैनेंद्र सिंह ने बताया कि रोजगार मेले में जेबीएम ऑटो प्राइवेट लिमिटेड, टीडीएन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, ब्रादर्स रिसर्च साइंस प्राइवेट लिमिटेड, फ्लिपकार्ट, जिंदल कम्युनिकेशन, मदर ऑटो प्राइवेट लिमिटेड आदि कंपनियों ने 300 अभ्यर्थियों का चयन किया। रोजगार मेले में आसपास के पालीटेक्निक अंतिम वर्ष में पढ़ रहे डिप्लोमा छात्रों ने प्रतिभाग किया। राजकीय पालीटेक्निक बिजनौर, मवाना खुर्द, मुरादाबाद, रामपुर, चांगीपुर, गांधी पालीटेक्निक मुजफ्फरनगर, डीएन पालीटेक्निक मेरठ आदि के लगभग 500 छात्रों ने प्रतिभाग किया।
सीनियर ट्रेजरी ऑफिसर सूरज कुमार, प्रधानाचार्य आकाश वाजपेयी, बिजनौर प्रधानाचार्य सलिल शर्मा की ओर से संयुक्त रूप से 300 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। सूरज कुमार ने कहा कि भारतीय युवा तकनीकी एवं विज्ञान के क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। दोबारा अवसर मिलने पर फिर प्रयास करें। प्रधानाचार्य आकाश वाजपेयी ने असफल हुए अभ्यर्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि सभी छात्र निरंतर परिश्रम करते रहें। सफलता जरूर मिलेगी। इस अवसर पर जैनेंद्र सिंह, मनोज कुमार, निक्की चौहान, चंद्रशेखर, आशीष कुमार, सोनू, नीतू, सुनील गुप्ता, अमित आदि उपस्थित रहे।