ट्रेन से कटकर मां-बेटे की मौत
नजीबाबाद/मंडावली (बिजनौर)। ट्रेन की चपेट में आने से मां-बेटे की घटनास्थल पर मौत हो गई।
मंडावली के गांव भुड्डी निवासी मजदूरपेशा अब्दुल हमीद की पत्नी नाजमा अपनी पुत्र वधू अफसाना और दो पौत्रों तीन वर्षीय असद और सात वर्षीय अल्तमश के साथ मालगोदाम रेलवे क्रॉसिंग पार कर रहे थे। रविवार की शाम छह बजे लक्सर दिशा से रन थ्रू अमृतसर-दरभंगा ट्रेन आ गई। ट्रेन की चपेट में आने से 32 वर्षीय अफसाना और उसके तीन वर्षीय पुत्र असद की ट्रेन की चपेट में आने से घटनास्थल पर मौत हो गई। 55 वर्षीय नाजमा और उसका सात वर्षीय पौत्र अल्तमश ट्रेन की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
ट्रेन की चपेट में आने से मां और उसके बेटे का शव विक्षिप्त होकर काफी दूर तक ट्रेन के साथ घिसट गया। सूचना मिलते ही आरपीएफ प्रभारी इंद्रकांत शर्मा और जीआरपी का स्टाफ घटनास्थल पर पहुंच गया। मृतक अफसाना का पति मुफीद चंडीगढ़ में मजदूरी करता है। मृतक अफसाना अपने बच्चों और सास के साथ बढ़ापुर में अपने संबंधी से मिलने शनिवार को गई थी। नजीबाबाद के सीकेआई चौराहे पर वाहन से आने के बाद वह अपनी सास व बच्चों के साथ रेलवे लाइन पार कर गांव भुड्डी जा रही थी, तभी हादसा हो गया।
दो दशक से ओवर ब्रिज की मांग की जा रही
नजीबाबाद। मां-बेटे की जिस मालगोदाम रेलवे क्रॉसिंग पर मौत हुई वहां उस पर दो दशक से फुट ओवर ब्रिज बनाने की मांग की जा रही है। रेलवे और प्रदेश सरकार एक-दूसरे पर ओवर ब्रिज बनवाने की बात कहकर फुटओवर ब्रिज की मांग के प्रति उदासीन हैं। इस रेलवे क्रॉसिंग पर पहले भी कई लोग हादसे का शिकार होकर जान गवां चुके हैं।