फोटो - 27एनजेडबी01आर
नजीबाबाद। एक किशोरी के ऊपर छत गिरने से उसकी मौत हो गई, जबकि पिता भी मामूली रूप से घायल हो गया। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए किशोरी के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
नगर पंचायत साहनपुर के मोहल्ला फील्ड निवासी वाहिद हसन को का पुराना मकान है। शनिवार को वाहिद हसन अपने परिवार के साथ मकान में सो रहा था। रात्रि में अचानक छत का मलबा नीचे सो रही वाहिद हसन की 14 वर्षीय पुत्री शकीला पर गिर गया। किशोरी के सिर और पैर पर गंभीर चोटें आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहिद हसन भी मलबे की चपेट में आकर मामूली रूप से घायल हो गया। किशोरी की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर तहसीलदार राधेश्याम शर्मा पुलिस और लेखपाल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने पंचनामा भरकर किशोरी का शव परिजनों की मांग पर उनके सुपुर्द कर दिया। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित को मुआवजा दिलाने की मांग की है।