राजकीय आईटीआई में उपकरणों पर जमी मिली धूल
बिजनौर।
सांसद भारतेंद्र सिंह ने राजकीय आईटीआई का निरीक्षण किया तो अव्यवस्थाएं सामने आ गईं। कक्षाओं से विद्यार्थी गायब मिले। कक्षाओं के खिड़की और दरवाजे तक उखड़े पड़े थे। उन्होंने प्रधानाचार्य से व्यवस्थाओं में सुधार लाने के लिए कहा है।
सोमवार को सांसद भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ राजकीय आईटीआई पहुंचे। सांसद ने देखा कि विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने वाले उपकरणों पर मकड़ी के जाले और धूल जमी थी। कक्षाओं में ट्यूब लाइट नहीं थी और पंखे फूंके पड़े थे। हैरो, टीलर, रोटावेटर आदि उपकरण खुले में जंग खाते मिले। कक्षों की हालत खराब थी। सांसद ने कॉलेज स्टाफ को व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा। प्रधानाचार्य पीपी अत्री निरीक्षण में अनुपस्थित रहे। सांसद ने गांव दयालवाला में मूढ़ा बनाने वाले कारीगरों को उनके हुनर का आधुनिकरण करने को कहा। साथ ही बैंक से ऋण दिलाने का आश्वासन दिया। इस दौरान वेदप्रकाश विश्वकर्मा, भुवनचंद शर्मा, दीपक गर्ग, दीक्षांत अग्रवाल, पतराम, धूम सिंह, रामपाल कश्यप आदि मौजूद रहे।