एक स्वास्थ्यकर्मी सहित 15 निकले कोरोना संक्रमित
बिजनौर। बृहस्पतिवार को एक स्वास्थ्यकर्मी सहित 15 लोगों की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। बुधवार को भी जिले के 15 लोग कोरोना संक्रमित निकले थे। नए मरीजों में बिजनौर के नौ, धामपुर के चार, राजा का ताजपुर और शेरकोट का एक-एक मरीज शामिल है। इनमें एक भाजपा नेता और वरिष्ठ अधिवक्ता भी शामिल है।
जिले में कोरोना की रफ्तार लगातार बढ़ रही है। बृहस्पतिवार को 15 नए कोरोना संक्रमित मामले मिलने के बाद जनपद में अब कुल कोरोना पॉजिटिव केस 803 हो गए हैं। इनमें से 651 ठीक हो चुके हैं और दस लोगों ने कोरोना से दम तोड़ा है। वर्तमान में एक्टिव पॉजिटिव केस 142 हैं। अब तक जिले से कुल 31 हजार 240 सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। अब तक कुल 30 हजार 894 जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई हैं। इनमें से 30 हजार 91 लोगों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है। वर्तमान में 346 रिपोर्ट लंबित हैं। सीएमओ डा. विजय कुमार यादव के अनुसार बृहस्पतिवार को बिजनौर मोहल्ला भरत विहार कॉलोनी निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति, 35 साल की महिला, 17 वर्षीय किशोरी, 12 साल का किशोर, 19 वर्षीय युवक, मोहल्ला बुखारा निवासी 20 साल का युवक, सिविल लाइन-2 निवासी 61 वर्षीय एक वरिष्ठ अधिवक्ता, मोहल्ला चौधरियान निवासी 48 साल का भाजपा नेता, चांदपुर तहसील के गांव चांगीपुर 47 वर्षीय व्यक्ति, धामपुर के मोहल्ला बाजार कला निवासी 60 वर्षीय वृद्घ, 54 वर्षीय उसकी पत्नी, 33 साल का युवक, इसी इलाके के गांव नंगला का रहने वाला 25 वर्षीय युवक, शेरकोट निवासी 32 साल की महिला, गांव राजा का ताजपुर के समीपवर्ती गांव ताहरपुर का रहने वाले 39 वर्षीय युवक की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है।