गुरु तेगबहादुर पब्लिक स्कूल के स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में चारों सदनों ने भारतीय इतिहास को चार चरणों में प्रदर्शित किया। इस दौरान अतिथियों ने बच्चों को प्रदर्शन को काफी सराहा।
मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में छात्रों ने दी गई थीम के अनुसार झांकियों के माध्यम से भारतीय इतिहास को प्रदर्शित किया। सुभाष हाउस के छात्रों ने प्राचीन भारत को प्रदर्शित किया, जिसमें बिहार के सांची स्तूप, राजस्थान का दिलवाड़ा मंदिर, विश्व के प्रथम विश्व विद्यालय तक्षशिला एवं नालंदा, महाबोधि मंदिर, अशोका स्तंभ को प्रदर्शित किया गया। टैगोर हाउस के छात्रों ने मध्यकालीन भारत की प्रस्तुति देते हुए मुगल काल, भक्ति एवं सूफी धार्मिक स्मारक, मयूर सिंहासन, अकबर दरबार के नवरत्न, ग्रांड ट्रक रोड, कुतुबमीनार, ताजमहल, दीवान ए आम, दीवान ए खास, लाल किला आदि को प्रदर्शित किया।
गांधी हाउस ने ब्रिटिश भारत को अपने कैंप में दिखाया, जिसमें राष्ट्रपति भवन, इंडिया गेट, संसद भवन, गेट वे ऑफ इंडिया, ग्राम एवं ब्रिटिश संस्कृति, काकोरी कांड, बिरसा मुंडा, नेहरू जी एवं महात्मा गांधी तथा सरदार भगत सिंह की शहादत को दर्शाया गया। भगत सिंह हाउस ने समकालीन भारत की प्रस्तुति दी, जिसमें 1946 के बाद के अक्षर धाम मंदिर, लोटस टेंपिल, आईआईटी मद्रास, योग एवं आयुर्वेद, संचार क्रांति, स्वच्छ भारत अभियान आदि को प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि विधायक लोकेंद्र चौहान के अलावा निर्णायक मंडल में शामिल रहे। डॉ एसके अग्रवाल, डॉ कामना गर्ग एवं डॉ एएसके राणा ने बच्चों द्वारा दी गई प्रस्तुति एवं उनके द्वारा बनाए गए मॉडलों को काफी सराहा। इसके अलावा नन्हा बचपन स्कूल के बच्चों ने भी आकर्षक वेशभूषा में अपनी प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में विद्यालय के संस्थापक सरदार तारा सिंह, प्रबंधक मंदीप सिंह, प्रधानाचार्य अश्वनी शर्मा, सहित समस्त विद्यालय स्टाफ का योगदान रहा।