35 से 45 हजार रुपये में बनाए जा रहे पशुशेड
नजीबाबाद। ब्लॉक द्वारा मनरेगा जॉब कार्ड धारकों को सरकार की योजना के अंतर्गत 35 हजार रुपये की लागत से पशुओं के लिए पशुशेड बनवाए जा रहे हैं। सात मजदूर परिवारों का टिनशेड बनाने के लिए चयन किया गया है।
सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर मजदूरों, लघु एवं सीमांत किसानों को मनरेगा से उनके पशुओं के लिए टिनशेड डलवाए जा रहे हैं। मनरेगा के उपायुक्त एवं बीडीओ एके मौर्य ने बताया कि ब्लॉक में 35-35 हजार रुपये की लागत से सिकंदरपुर बसी में सूकर पालन के लिए तीन, कैटिल शेड लिए एक, मुबारकपुर में दो और तातारपुर लालू में एक पशु शेड का निर्माण कराया जा रहा है। बीडीओ ने बताया कि योजना में 7.5 मीटर लंबे और 3.5 मीटर चौड़े पशु शेड बनाए जाएंगे। योजना में बकरी, सूकर और अन्य पशु पालकों को टिन शेड बनवाने के लिए 35 से 45 हजार रुपये अनुदान दिया जाएगा। योजना में अनुसूचित जाति, पट्टाधारकों, प्रधानमंत्री आवास के लाभार्थियों को बिना जमीन की फर्द के पशु शेड बनाने के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। योजना में लाभार्थी का मनरेगा जॉब कार्ड धारक होना जरूरी है।
लघु एवं सीमांत किसानों को पशुशेड बनाने के लिए 2.5 एकड़ जमीन का सिंचित किसान होना जरूरी हैं। बकरी पालकों के पास शेड सुविधा लेने के लिए कम से कम 10 बकरियां तथा अन्य पशु पालकों के पास 4 से 6 पशु होने चाहिए। लघु एवं सीमांत किसानों को आवेदन के साथ जमीन की फर्द, मनरेगा जॉब कार्ड, शेड निर्माण स्थान का फोटो देना होगा।