बिजनौर। डीएम अटल कुमार राय ने करेत्तर एवं राजस्व वसूली से संबंधित मामलों में शत प्रतिशत लक्ष्य वसूली के निर्देश दिए। डीएम ने वाणिज्य कर, स्टांप, आबकारी, परिवहन, खनन, विद्युत, नगर निकाय, सिंचाई विभाग, गन्ना विभाग की अच्छी प्रगति न होने पर चेतावनी पत्र जारी करने व इनके मुख्य सचिव को कार्रवाई के लिए पत्र लिखने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि फसलों के अवशेष जलाने से मिट्टी व पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। इससे जागरूकता के लिए एक अक्तूबर को सभी स्कूलों में कक्षा नौ से 12 तक के बच्चों के बीच फसल अवशेष न जलाने पर पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित होगी। प्रतियोगिता में प्रथम आने वाले बच्चे को दस हजार, दूसरे को साढ़ेे सात हजार व तीसरे को पांच हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रदेश के 10 सबसे अच्छे पेंटिंग करने वाले विद्यार्थियों को राज्य स्तर पर आयोजित होने वाली कृषि कुंभ में सम्मानित किया जाएगा। डीएम ने डीपीआरओ मनीष कुमार को एक से 15 अक्तूबर तक चलाए जा रहे सफाई अभियान के दौरान महापुरुषों की प्रतिमाओं की विशेष सफाई के निर्देश दिए। अधिकारियों व कर्मचारियों से दो अक्तूबर को स्वैच्छिक रक्तदान करने को कहा। इस दौरान सीडीओ प्रवीण मिश्र, एडीएम वित्त एवं राजस्व अवधेश मिश्र समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे।