राजा का ताजपुर।
गांव मुस्सेपुर में बृहस्पतिवार की तड़के गुलदार ने जमकर आतंक मचाया। करीब चार बजे गांव में घुसे गुलदार को ग्रामवासियों ने देखा तो वह डरकर अपने घरों में घुस गए। इस दौरान वह दीवार फांदकर वीरेंद्र सिंह के घेर में घुस गया और वहां से एक बकरी को उठाकर जंगल में भाग गया।
वीरेंद्र ने शोर मचाया तो ग्रामीण एकत्र होकर जंगल की ओर गए। जंगल में गुलदार बकरी को मारकर खा रहा था। वीरेंद्र सिंह ने उसे बचाने का प्रयास किया तो गुलदार ने उस पर भी हमला कर दिया। ग्रामीणों ने किसी तरह डंडे दिखाकर व शोर मचाकर उसे वहां से भगाया। गुलदार के हमले में वीरेंद्र बुरी तरह से घायल हो गया। परिजन उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए मुरादाबाद ले गए हैं। सूचना पर वन विभाग की टीम व पुलिस मौके पर पहुंची । जंगल में गुलदार की काफी तलाश की, लेकिन वह हाथ नहीं आया।
वन रक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि गांव में गुलदार के पंजों के निशान मिले हैं। गुलदार को तलाश कर पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने को कहा है।