कानून का सम्मान करने वालों का ही आदर : सीओ
धामपुर। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से बुधवार को कन्या इंटर कॉलेज में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। इस मौके पर सीओ महावीर सिंह रजावत ने छात्राओं को कानून का सम्मान-कानून के जीवन आसान शीर्षक पर विस्तार से जानकारी दी। सीओ ने कहा कि पुलिस की ओर से उसी का सम्मान किया जाता है, जो कानून का सम्मान करता है। जो कानून का सम्मान नहीं करता, पुलिस भी उसका सम्मान नहीं करती।
पुलिस की पाठशाला में कॉलेज की तीन हजार से ज्यादा छात्राओं ने प्रतिभाग किया गया। करीब दो घंटे पाठशाला चली। सीओ ने छात्राओं को प्रेरित किया कि वह जब अपने घर जाएं तो कानून के सम्मान के बारे में परिजनों को बताएं। उन्होंने साइबर क्राइम और अन्य प्रकार के अपराधों के बारे में जानकारी दी। कहा कि इस समय हर हाथ में मोबाइल फोन रहता है, व्हाट्सएप अधिकांश लोग चलाते हैं। यदि किसी के भी मोबाइल फोन पर कोई आपत्तिजनक वीडियो क्लिप आ जाती है तो वह किसी अन्य को न भेजे, बल्कि परिजनों, शिक्षकों और पुलिस को अवश्य अवगत कराएं। ऐसे असामाजिक तत्वों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
कहा कि आजकल सबसे ज्यादा क्राइम एटीएम से पैसों के निकलने का हो रहा है। ऐसे में यदि किसी के पास कोई फोन आता है और वह आपका एटीएम नंबर जानना चाहता है तो कतई न बताएं। ऐसा करने पर उनके बैंक खाते से रकम निकाली जा सकती है। इस प्रकार का अपराध पिछले कुछ समय से ज्यादा बढ़ता जा रहा है। व्हाट्सएप प्रोफाइल पर छात्राओं को अपना फोटो नहीं लगाना चाहिए। यातायात नियमों का पूरी तरह से पालन करना चाहिए। यदि रास्ते में किसी छात्रा के साथ कोई युवक छेड़खानी का प्रयास करता है तो वह पुलिस को अवगत कराए। जिससे तत्काल ऐसे तत्वों पर कार्रवाई की जा सके। कोतवाल संजय कुमार पांचाल, प्रधानाचार्य सविता सिंह, प्रबंधक वीरेंद्र कुमार माहेश्वरी, पूर्व प्रबंधक नरेंद्र कुमार अग्रवाल ने भी विचार रखे।
अमर उजाला का प्रयास सराहनीय : सविता सिंह
विद्यालय की प्रधानाचार्य सविता सिंह ने अमर उजाला के इस प्रयास की सराहना की। अमर उजाला की ओर से आयोजित पुलिस पाठशाला के माध्यम से पुलिस अधिकारियों द्वारा नवीनतम जानकारी दी गई। छात्राएं पुलिस पाठशाला से अर्जित ज्ञान का अवश्य लाभ उठाएंगी। पूर्व प्रबंधक नरेंद्र कुमार अग्रवाल, प्रबंधक वीरेंद्र कुमार माहेश्वरी ने भी ऐसा दुहराया और अमर उजाला का धन्यवाद ज्ञापित किया।