राजस्व कर्मियों ने फरियादियों को गेट पर रोका
धामपुर। तहसील के सभाकक्ष में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस कार्यक्रम में मंगलवार को डीएम ने फरियादियों की शिकायतों को सुना। कार्यक्रम में अव्यवस्था के हावी रहने से फरियादियों को अपनी समस्याओं को अवगत कराने में दिक्कत का सामना करना पड़ा। कई फरियादियों को सभाकक्ष के गेट के बाहर खड़े राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने डीएम से नहीं मिलने दिया। ऐसे में कई ग्रामीण डीएम को अपनी समस्याएं बताए बगैर घरों को वापस चले गए। डीएम ने एसडीएम धामपुर के कार्यालय और कोर्ट का निरीक्षण किया।
डीएम अटल कुमार राय ने मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस में गांवों और नगरों से आए फरियादियों की दर्ज शिकायतों को सुना। कुल 177 शिकायतों में से नौ का मौके पर निदान कराया गया। अव्यवस्थाओं का हवाला देते हुए सभाकक्ष के दोनों गेटों पर खड़े राजस्व कर्मियों ने कई फरियादियों को गेट पर ही रोक दिया और डीएम से नहीं मिलने दिया। कार्यक्रम के बाहर कई गांवों के लोगों और किसान संगठनों की ओर से धरना प्रदर्शन किया। डीएम ने एसडीएम से लंबित केसों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम वीरेंद्र कुमार मौर्य और तहसीलदार भान सिंह मौजूद रहे।