मंडलीय कमेटी ने चेयरमैन के पिछड़ी जाति प्रमाणपत्र को गलत पाया
नजीबाबाद। मंडल आयुक्त मुरादाबाद सहित चार सदस्यों की मंडलीय कमेटी ने जांच पड़ताल के बाद नगर पंचायत सहानपुर के चेयरमैन मेराज अहमद का पिछड़ी जाति का प्रमाणपत्र निरस्त करने के आदेश जारी किए। आदेश के खिलाफ चेयरमैन ने राज्य स्तरीय स्क्रूटनी कमेटी में अपील दायर करने की बात कही।
नगर पंचायत साहनपुर के चेयरमैन मेराज अहमद ने पिछड़ी जाति के लिए आरक्षित चेयरमैन पद के लिए नवंबर 2017 में निकाय चुनाव लड़ा था। उनके ठठेरा जाति के प्रमाणपत्र को पूर्व चेयरमैन खुर्शीद अहमद मंसूरी ने चुनौती दी थी। लंबी प्रक्रिया के बाद मंडलीय कमेटी में शामिल मंडल आयुक्त, उप खाद्य आयुक्त मुरादाबाद, उपनिदेशक पिछड़ा वर्ग और एडीएम प्रशासन बिजनौर ने संयुक्त रूप से जांच प्रक्रिया के बाद चेयरमैन मेराज अहमद को सामान्य जाति का होने की पुष्टि करते हुए पिछड़ी जाति में ठठेरा जाति प्रमाणपत्र को गलत मानते हुए निरस्त करने के आदेश जारी किए।
वहीं चेयरमैन मेराज अहमद ने मंडलीय कमेटी के फैसले को राजनीतिक दबाव में लिया गया फैसला बताते हुए राज्य स्तरीय स्क्रूटनी कमेटी में अपील दायर करने की जानकारी दी।