जिलेवासियों से भूजल संरक्षण का आह्वान
बिजनौर। डीएम अटल कुमार राय जनपद वासियों से भूजल संरक्षण का आह्वान किया। स्कूल-कॉलेज के प्रबंधकों से स्कूलों में भूजल संरक्षण की अपील की।
विकास भवन के सभा कक्ष में भूजल गोष्ठी में बोलते हुए डीएम ने कहा कि शासन द्वारा पूरे प्रदेश में भूजल सप्ताह 22 जुलाई तक मनाया जा रहा है। इसमें भविष्य के लिए जल बचाने के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं।
कहा कि हमें मकान में बगीचे वाले स्थान में टाइल नहीं लगानी चाहिए, खुले क्षेत्र, झील-तालाबों में कूडा-कचरा नहीं डालना चाहिए। खेतों की मेढ को मजबूत व ऊंचा करके खेतों का पानी खेतों में ही रिचार्ज होने दे तथा अत्याधिक भूजल गिरावट वाले क्षेत्रों में फसल चक्र में परिवर्तन कर अधिक जल खपत वाली फसलें न उगायी जाएं ताकि वहा जल की खपत को कम किया जा सके। डीएम ने सभी स्कूल व कॉलेज के प्रबंधकों को निर्देशित करते हुए कहा है कि स्कूल और कॉलेज की छतें काफी बड़ी होती हैं। इसमें वर्षा का पानी अधिक मात्रा में जमा होता है। वहां पर जल को बचाने के लिए रेनवाटर हार्वेस्टिंग तकनीक का प्रयोग करें। डीएम ने जनपद के समस्त खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन ब्लॉक को रेड जोन घोषित किया गया है, वहां पर वर्षा जल संचयन की तकनीक को जल्दी सुधारना सुनिश्चित करें ताकि वहां पर जल के स्तर में बढ़ोतरी हो सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जल संचयन के लिए तालाबों का निर्माण व पुराने तालाबों का जीर्णोद्धार और रिचार्ज कूप का निर्माण कराना सुनिश्चित करें।