बिजनौर। जिलाधिकारी सुजीत कुमार ने कहा कि कंगारू मदर केयर यूनिट समय से पहले पैदा होने वाले नवजातों के लिए वरदान साबित होगी। इसमें बच्चों को कंगारू की तरह सुरक्षा मिलेगी।
सोमवार को जिलाधिकारी सुजीत कुमार ने जिला महिला अस्पताल के 100 बिस्तर वाले नए भवन में कंगारू मदर केयर यूनिट की शुभारंभ किया। बताया कि वित्तीय वर्ष 2018-19 में प्रदेश मेें 102 नए मातृ एवं नवजात शिशु केयर यूनिट के अंतर्गत कंगारू मदर केयर यूनिट (केएमसीयू) की स्थापना की गई है। कंगारू मदर केयर यूनिट अथवा मदर एंड न्यूबोर्न केयर यूनिट की जिला महिला अस्पताल में स्थापना से गर्भवती महिलाओं तथा नवजात शिशुओं की बेहतर तरीके से केयर किया जाना संभव हो पाएगा। सीएमओ शरद कुमार त्यागी ने बताया कि जैसे कंगारू अपनी थैली में अपने नवजात को रखकर उसे गर्मी देता है। उसी तरह मानव जीवन में नवजात शिशु व समय से पहले जन्मे शिशु के लिए कंगारू केयर तकनीक अपनाई जाती है। यह तकनीक नवजात शिशु के विकास में बेहद सहायक होती है। बताया कि केएमसीयू में सभी प्रकार की आवश्यक व आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। सीएमएस आभा वर्मा ने बताया कि जिला महिला अस्पताल में प्रतिमाह करीब 300 से अधिक डिलीवरी होती हैं। इसमें सामान्य और ऑपरेशन से प्रसव किए जाते हैं। हर साल 100 से अधिक ऐसे बच्चे पैदा होते हैं, जो समय से पहले पैदा होते हैं। ऐसे बच्चों को कंगारू मदर केयर थेरेपी की आवश्यकता होती है। इससे पूर्व अस्पताल में यह व्यवस्था नहीं थी। यह नवजात नौ महीने के बजाए छह या सातवें महीने में पैदा होते हैं। समय से पहले जन्मे होने की वजह से ऐसे नवजातों की लंबाई बहुत कम होती है। इस अवसर पर जिला अस्पताल के सीएमएस सुखवीर सिंह, डा. अनुज भारद्वाज, संजीव कुमार आदि मौजूद रहे।