नजीबाबाद। नगरपालिका परिषद बोर्ड की पहली बैठक में नजीबाबाद शहर को स्मार्ट शहर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाने का संकल्प लिया गया। बोर्ड की बैठक में सर्वसम्मति से कई प्रस्ताव पारित किए गए।
शनिवार को नगरपालिका परिषद सभागार में पालिका बोर्ड की पहली बैठक आयोजित हुई। चेयरपर्सन सबिया निशात ने नागरिकों को सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने के साथ साथ नगर नजीबाबाद को स्मार्ट शहर बनाने की कोशिशों को मिलजुलकर मूर्तरूप देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि नगर के विकास, सौंदर्यीकरण एवं नगर की सार्वजनिक संपत्ति की बेहतर देेखभाल के प्रति गंभीरता बरती जाएगी। आजाद चौक पर सुरक्षित आवागमन के लिए गोल चक्कर निर्माण, स्पीड ब्रेकर और हाईमास्क लाइट लगवाना प्राथमिकता होगी।
अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार के संचालन में हुई बैठक में पालिका सभासदों की सहमति से कई प्रस्ताव पारित किए गए। नलकूपों पर जनरेटर की व्यवस्था करना, नलकूप कक्ष निर्माण, हर एक घर को पेयजल कनेक्शन, पेयजल पाइप लाइन का विस्तार, जल संयोजन शुल्क में छूट, सफाई उपकरणों की खरीद, डोर टू डोर सूखा व गीता कूड़ा एकत्र करने के लिए हरे व नीले डस्टबिन वितरण, पथप्रकाश के लिए विद्युत उपकरणों की खरीद, ठंडे पानी की मशीनों की मरम्मत प्रस्ताव शामिल रहे।
बैठक में बसंती माता मंदिर से अजमल खां रोड तक मार्ग का नाम स्वर्गीय हाजी बशीर के नाम पर रखने, मीट विक्रय लाइसेंस जारी करने के लिए संबंधित विभागों को पत्र लिखना तय किया गया। बैठक में हेमलता, मो.आसिफ, पूनम, नरेंद्र कुमार, तबस्सुम, नरेंद्र, उदय सिंह, शमशाद अहमद, विद्यावती, सलीम, फहीम खान, रंधावा सिंह, अनवर खां आदि पालिका सभासद मौजूद ।