कोतवाली देहात/हल्दौर। कोहरे के कारण बाइक सवार दो छात्र एक ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से जा घुसे। हादसे में दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए। राहगीरों ने उनको उपचार के लिए पीएचसी भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने एक छात्र का मृतक घोषित कर दिया, जबकि दूसरे छात्र को चिकित्सकों ने उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर, हल्दौर क्षेत्र में कार और ट्रक की भिड़ंत में छह लोग गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
कोतवाली देहात के गांव श्यालू नंगला निवासी मोहम्मद अफसर 23वर्ष व उसका साथी मोहम्मद वसीम 20वर्ष शनिवार की सुबह बाइक से ट्यूशन पढने कोतवाली देहात आ रहे थे। गांव करौंदा के निकट घने के कोहरे के कारण उनके सामने चल रही ट्रैक्टर ट्राली नहीं दिखाई देने से उनकी बाइक ट्रैक्टर ट्राली के पीछे जा घुसी। हादसे में दोनो छात्र गंभीर रुप से घायल हो गए। राहगीरों ने उनको पीएचसी भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मोहम्मद अफसर को मृत घोषित कर दिया, जबकि वसीम को उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक छात्र का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
वहीं हल्दौर के गांव कुम्हारपुरा निवासी खुर्शीद की पुत्री नगमा 16वर्ष, आसमा 19वर्ष, पुत्र समरआलम 18वर्ष व उसकी धेवती लाइवा छह वर्ष तथा उसके साडू हल्दौर के मोहल्ला भूड़ निवासी सदाकत की पुत्री साईस्ता 18वर्ष तथा राहिल 15वर्ष गांव अम्हेड़ा से अपनी रिश्तेदारी से कार से लौट रहे थे। गांव छजुपुरा के निकट उनकी कार व सामने से आ रहे ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार छह घायल हो गई। पुलिस ने सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया।